सखी वन स्टॉप सेंटर के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली से अवगत हुए विद्यार्थीगण

एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने किया सखी वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड केयर सेंटर का भ्रमण
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक भ्रमण किया गया। यह भ्रमण समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने सखी वन स्टॉप सेंटर, बलिया एवं चाइल्ड केयर सेंटर का भ्रमण कर वहां की कार्यप्रणाली एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान अंजलि सिंह, जिला मिशन समन्वयक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सखी वन स्टॉप सेंटर के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सकीय, पुलिस, विधिक, मनोसामाजिक परामर्श एवं आवश्यकतानुसार आश्रय सहित विभिन्न सहायता सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि पीड़ित महिला की समस्या को संवेदनशीलता एवं गोपनीयता के साथ समझते हुए उसकी आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय कर सहायता प्रदान की जाती है।

प्रिया सिंह, केंद्र प्रशासक ने महिलाओं की विभिन्न समस्याओं एवं उनके निवारण की प्रक्रिया तथा पूजा सिंह, परामर्शदाता ने काउंसलिंग की भूमिका एवं प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में निकिता सिंह, पूनम राजभर, महिला कल्याण विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम उपस्थित रही। विद्यार्थियों ने अधिकारियों से प्रश्न-उत्तर कर विषय से संबंधित गहन जानकारी प्राप्त की। 

वन स्टॉप सेंटर के बाद विद्यार्थियों ने चाइल्ड केयर सेंटर का भी भ्रमण किया, जहां बच्चों की देखभाल, संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर समाज कार्य विभाग के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन