शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी
शिक्षकों की हुंकार, शोषण से मुक्ति के लिए शिक्षक हुए लामबंद
बलिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शैक्षिक उन्नयन और शैक्षिक समस्याओं को लेकर शुक्रवार को टाउन इं कालेज बलिया के सभागार में जनपद के शिक्षकों की आम सभा आयोजित किया गया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों में विशेष रूप से बलिया में भ्रष्टाचार चरम पर है, शिक्षकों की विभिन्न पत्रावलियों को लंबित रखकर शिक्षकों का मानसिक व आर्थिक शोषण लगातार हो रहा है इसलिए अपने अधिकारों के लिए तथा सभी समस्याओं के समाधान लिए संघर्ष करने हेतु सभी शिक्षकों सदैव तैयार रहना होगा। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 की धारा 18 एवं 21 निरसित होने के बाद शिक्षकों का शोषण बढ़ गया है। संघर्षों के बल पर शिक्षकों ने सब कुछ प्राप्त किया और पुनः पेंशन व सेवा सुरक्षा आदि सब प्राप्त करेंगे। वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा नहीं है जिससे प्रबंधक मनमानी कर रहे हैं कभी भी सेवा से बाहर कर दिया जा रहा है। उन्हें नियुक्ति पत्र एवं कार्यभार ग्रहण पत्र दिया जाए तथा सम्मानजनक मानदेय दिया जाए इसके लिए संघर्ष करना होगा।
सभा द्वारा सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। डा. छितेश्वर नाथ मिश्रा को सर्वसम्मति से बलिया जनपद का प्रभारी का दायित्व दिया गया। सभा को रेवती रमण शर्मा महामंत्री, डा छितेश्वर नाथ मिश्रा, डा अशोक कुमार पांडेय, पंकज कुमार सिंह, जेपी पांडेय, डा अरविंद कुमार शुक्ला, सुधीर कुमार पांडेय, स्वपनेश, अशोक कुमार राय, सुंदर स्वरूप वर्मा, ओमनारायण राय, संतोष वर्मा, दीपक भारद्वाज, अमरेश यादव, तेजपाल गंगवार आदि ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता अवनीश कुमार उपाध्याय तथा संचालन अजय कुमार रेड्डी ने किया।
Comments
Post a Comment