इस बार लौटेगी पशु मेले की पुरानी शान
पूजा-अर्चना के साथ बलिया में ददरी मेले के शुरुआत का शुभारंभ बलिया। पूर्वांचल की धरती पर आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का सबसे बड़ा उत्सव कहे जाने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले का आगाज हो गया है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाईलाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ध्वजारोहण किया और मेले की शुरुआत का शुभारंभ किया। इस मौके पर मेले को लेकर उत्साह और उम्मीदों का माहौल नजर आया। अध्यक्ष ने साफ कहा कि इस बार ददरी मेला खास होने जा रहा है। वर्षों से परिस्थितियों के कारण प्रभावित रहा पशु मेला भी इस बार भव्य स्वरूप में आयोजित करने की तैयारी है। पशु मेला है ददरी की धड़कन, इस बार दिखेगी पुरानी रौनक ददरी मेले की पहचान सिर्फ झूलों, दुकानों और मनोरंजन तक सीमित नहीं है। इसकी असली आत्मा उसका ऐतिहासिक पशु मेला है, जिसे ददरी की धड़कन कहा जाता है। घोड़ों की टाप, पशुओं की खरीद-बिक्री, दूर-दराज से आने वाले पशुपालकों और व्यापारियों की चहल-पहल इस मेले को अलग पहचान देती है। इस बार पशु मेले को भव्यता के साथ सजाने की तैयारी है, जिससे पुरानी परंपरा को फिर से नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। ...