नशा मुक्त युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की है नींव: डॉ. अमरेंद्र कुमार
नशा मुक्त युवा: विकसित भारत की आधारशिला विषय पर वेबिनार का हुआ आयोजन बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के समाजशास्त्र एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ' नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के अंतर्गत नशा मुक्त युवा: विकसित भारत की आधारशिला विषयक वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार के मुख्य वक्ता बलिया के जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष जोर दिया कि नशा मुक्त युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। कहा कि केवल कानून बनाकर देश को नशामुक्त नहीं किया जा सकता, इसके लिए जन सहभागिता जरूरी है। उन्होंने देश के युवाओं का आह्वान किया कि नशीले पदार्थों से नहीं अपितु पुस्तकों से मित्रता करें। बताया कि हमारे देश के मादक द्रव्य सेवन के आँकड़े बहुत ही चिंताजनक है। यह व्यक्तिगत विघटन नहीं बल्कि सामाजिक विघटन की स्थिति है। हमारा लक्ष्य सिर्फ नशा मुक्त युवा ही न हो बल्कि स्वस्थ युवा, जागरूक युवा हो। गरिमापूर्ण जीवन का अवसर प्रत्येक युवा को प्राप्त हो।...