प्रवेश परीक्षा का कुलपति एवं कुलसचिव ने किया निरीक्षण
स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कुलपति एवं कुलसचिव ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
प्रथम पाली में आयोजित एम.एससी. हॉर्टिकल्चर में कुल पंजीकृत 51 में 35 उपस्थित और 16 अनुपस्थित एवं एम.एससी. एग्रोनॉमी की प्रवेश परीक्षा मे पंजीकृत कुल 91 परीक्षार्थियों मे 53 उपस्थित और 38 अनुपस्थित रहे तथा द्वितीय पाली में आयोजित बी.सी.ए., आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत कुल 230 परीक्षार्थियों में 177 परीक्षार्थी उपस्थित और 53 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कुलपति प्रोफेसर नरेन्द्र कुमार शुक्ल एवं कुलसचिव एस.एल. पाल ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभ्यर्थियों की सुविधा, प्रश्नपत्र वितरण, उपस्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रवेश प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है।
कुलानुशासक डॉ प्रियंका सिंह और उनके टीम के सदस्य डॉ अभिषेक त्रिपाठी,डॉ रूबी, डॉ विजय शंकर पाण्डेय परीक्षा के दौरान निगरानी करते रहे। इस परीक्षा में केन्द्राध्यक्ष डॉ पुष्पा मिश्रा, सहायक केन्द्राध्यक्ष डॉ छबि लाल और डॉ शशि भूषण की देख -रेख में परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुआ।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment