शोध की गुणवत्ता ही विश्वविद्यालय की अकादमिक पहचान को करती है सुदृढ़: संजीत कुमार गुप्ता

जेएनसीयू के कुलपति ने शोध मौखिकी साक्षात्कार परीक्षा का किया औचक निरीक्षण
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रोफ़ेसर संजीत कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण तथा कुलसचिव श्री एस एल पाल के निर्देशन में पी-एच.डी. प्रवेश हेतु शोध मौखिकी साक्षात्कार परीक्षा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न संकायों एवं विषयों के लिए निर्धारित तिथियों पर साक्षात्कार प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है, जो कि 25 फरवरी, 2026 तक संचालित होंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गठित विषय-विशेषज्ञों की चयन समिति अभ्यर्थियों के शोध प्रस्ताव, विषय की प्रासंगिकता, अनुसंधान क्षमता एवं अकादमिक योग्यता का गहन मूल्यांकन कर रही है। आज राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, गृह विज्ञान, प्राचीन इतिहास, जंतु विज्ञान तथा सांख्यिकी विषयों की शोध मौखिकी साक्षात्कार परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसका कुलपति प्रो संजीत कुमार गुप्ता ने औचक निरिक्षण किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो० गुप्ता ने कहा कि शोध की गुणवत्ता ही विश्वविद्यालय की अकादमिक पहचान को सुदृढ़ करती है। 

उन्होंने यह भी बताया कि शोध कार्य में मौलिकता, सामाजिक उपयोगिता और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप नवाचार को विशेष महत्व दिया जाएगा। मौखिकी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों से उनके प्रस्तावित शोध विषय, शोध पद्धति, संदर्भ सामग्री तथा संभावित निष्कर्षों से संबंधित प्रश्न पूछे जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत संपन्न की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थियों की सूची नियमानुसार प्रकाशित की जाएगी। पी-एच.डी. प्रवेश हेतु शोध मौखिकी परीक्षा की शुरुआत से शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता पुनः परिलक्षित हुई है।
रिपोर्ट: विनय कुमार 

Comments

Popular posts from this blog

विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता के विजेता बच्चे मंडल स्तर पर करेंगे प्रतिभाग

ओजोन परत संरक्षण दिवस, 16 सितम्बर पर विशेष-

खेल दिवस पर राजकीय महाविद्यालय नगवा में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन