नदियों के संरक्षण के लिए सभी को आना होगा आगे: धनंजय उपाध्याय
कॉम्पोजिट विद्यालय निधरिया में हुई गंगा समग्र की गोष्ठी, शान्वी के जन्मदिन पर हुआ वृक्षारोपण
बलिया। कॉम्पोजिट विद्यालय, निधरिया, नगर बलिया में 7 अगस्त दिन शुक्रवार को गंगा समग्र, जिला बलिया के तत्वावधान में जिला संयोजक धनंजय उपाध्याय के नेतृत्व में एक जनजागरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रवि कुमार यादव ने की। मुख्य वक्ता के रूप में गंगा समग्र के प्रांतीय कोष प्रमुख श्री राजेश्वर गिरी जी (एडवोकेट) उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में जिला संयोजक धनंजय उपाध्याय ने कहा कि गंगा समग्र माँ गंगा एवं उनकी सहायक नदियों की अविरलता, निर्मलता एवं संरक्षण के लिए समर्पित संगठन है। उन्होंने बताया कि गंगा समग्र अपने 15 विभिन्न आयामों के माध्यम से जनजागरण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण जैसे विविध क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संदेश दिया कि "हम माँ गंगा की रक्षा करें, माँ गंगा मेरी रक्षा करें" तथा नदियों के संरक्षण के लिए सभी को आगे आने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता श्री राजेश्वर गिरी जी (एडवोकेट) ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से पीपल के वृक्ष के धार्मिक, पर्यावरणीय एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य श्री रवि कुमार यादव ने कहा कि जिस प्रकार नदियाँ जीवन का आधार हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं समाज से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।
गोष्ठी में श्री सुरेंद्र दुबे जी (प्रांतीय जल निकाय प्रमुख), जिला वृक्षारोपण प्रमुख सौरभ श्रीवास्तव जी, सनी मेहता पूजा जी, ममता जी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment