स्टार्टअप संवाद कार्यक्रम में बलिया के दो स्टार्टअप के नवाचारों ने खींचा ध्यान

प्रयागराज में पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद- 2026 में जेएनसीयू की रही महत्वपूर्ण सहभागिता
बलिया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद-2026 का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने, नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में उद्यमशीलता का वातावरण विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। 

इस अवसर पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया की ओर से एक आकर्षक स्टॉल स्थापित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय से जुड़े स्टार्टअप एवं नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय के स्टॉल का रुचिपूर्वक अवलोकन किया। बलिया जनपद के दो नवाचारी स्टार्टअप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें पहला स्टार्टअप ‘एक्सीडेंट अलर्ट’ है, जिसके संस्थापक चंदन कुमार राजभर हैं। इसके अंतर्गत एक कॉम्पैक्ट डिवाइस विकसित की गई है, जिसे किसी भी वाहन में लगाया जा सकता है। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही यह डिवाइस दुर्घटना स्थल की जीपीएस लोकेशन के साथ एसएमएस के माध्यम से सूचना वाहन स्वामी के परिजनों, नजदीकी अस्पताल तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं तक पहुँचाती है। यह तकनीक सड़क दुर्घटनाओं के बाद त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक उपयोगी पहल है।

दूसरा स्टार्टअप आसम फूड्स है, जिसके संस्थापक सूरज चौधरी हैं। यह एक फूड डिलीवरी ऐप है, जिसके माध्यम से घरेलू महिलाएं अपने किचन में तैयार की गयी खाद्य सामग्री को ग्राहकों तक पहुँचा सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य गृहिणियों को स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ ग्राहकों को स्वच्छ, पौष्टिक और घर जैसा भोजन उपलब्ध कराना है। 

बलिया के इन दोनों स्टार्टअप की विशेषता यह है कि ये तकनीक और नवाचार को सामाजिक आवश्यकताओं से जोड़ते हैं। विश्वविद्यालय के स्टॉल पर इनके अलावा ओडीओपी के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित बिंदियों का स्टॉल लगाया गया। गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं द्वारा मिलेट्स से तैयार विभिन्न खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन भी किया गया।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. नीरज कुमार सिंह,डॉ. विवेक कुमार, डॉ. रूबी, डॉ. सौम्या तिवारी, डॉ. रंजना मल्ल शामिल रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन