डॉ.रजनी चौबे का भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला के एसोसिएट्स प्रोग्राम में हुआ चयन
शोध में सामाजिक न्याय की अवधारणा का किया जाएगा तुलनात्मक अध्ययन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक आचार्य डॉ. रजनी चौबे का देश के प्रतिष्ठित शोध संस्थान भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला के एसोसिएट्स प्रोग्राम के लिए चयन हुआ है।
डॉ. रजनी चौबे वहाँ जाकर “सोशल जस्टिस इन ए डिवाइडेड सोसाइटी : ए कंपरेटिव एक्सप्लॉरेशन ऑफ़ जॉन रॉल्स' लिबरल इजैलिटरिएनिज्म एंड बी.आर. अम्बेडकर’ डेमोक्रेटिक एमनेंसिपेशन विषय पर शोधकार्य करेंगी। इस शोध के अंतर्गत विभाजित समाज में सामाजिक न्याय की अवधारणा का तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। इसमें जॉन रॉल्स के उदार समतावाद तथा डॉ. बी. आर. आंबेडकर की लोकतांत्रिक मुक्ति की विचारधारा का विश्लेषण करते हुए समानता, स्वतंत्रता, सामाजिक बहिष्करण और न्याय से जुड़े प्रश्नों का अध्ययन किया जाएगा।
समकालीन समाज में सामाजिक न्याय की चुनौतियों को समझने की दृष्टि से यह विषय विशेष अकादमिक महत्त्व रखता है। डॉ. चौबे राजनीति विज्ञान विषय में अध्यापन के साथ ही शोध एवं अकादमिक लेखन में निरंतर सक्रिय हैं और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुस्तकों में लेखन के साथ विभिन्न संगोष्ठियों और सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुकी हैं।
डॉ. चौबे का यह चयन जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल, शैक्षणिक निदेशक डॉ. पुष्पा मिश्रा, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. विनीत सिंह आदि प्राध्यापकों ने डॉ. चौबे को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
डॉ. रजनी चौबे ने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। कहा कि यह अवसर उन्हें सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और समानता जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर अपने शोध को आगे बढ़ाने तथा अकादमिक जगत में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment