जेएनसीयू में खेल दिवस पर हुए विविध आयोजन
निबंध, शतरंज प्रतियोगिता के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ आयोजित
बलिया। राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के अंतर्गत जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में खेल समिति के तत्वावधान में शनिवार को निबंध, शतरंज प्रतियोगिता के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विकसित भारत @ 2047 में युवाओं की भूमिका विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में विकसित भारत के प्रति जागरूकता, राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी और 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प को सुदृढ़ करना था।
कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना सभी युवाओं का सामूहिक दायित्व है। खेल, शिक्षा और नवाचार के माध्यम से भारत को विकसित बनाने का स्वप्न साकार करना संभव है। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, खेल और फिटनेस, शिक्षा में नवाचार, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
निबंध प्रतियोगिता में रुखसार खातून एवं शतरंज प्रतियोगिता में नूतन सिंह को मिला प्रथम पुरस्कार
निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के पश्चात विजेताओं की घोषणा की गई। प्रथम पुरस्कार रुखसार खातून, एम.ए. अर्थशास्त्र तृतीय सेमेस्टर, द्वितीय पुरस्कार साक्षी बीए.-एल.एल.बी और तृतीय पुरस्कार वैभव द्विवेदी, शोध छात्र को मिला। शतरंज प्रतियोगिता में नूतन सिंह, प्रथम, विवेक कुमार सिंह द्वितीय एवं विश्वास प्रताप सिंह एवं शहबाज खान संयुक्त रूप से तृतीय विजेता रहे।
इसी कड़ी में योगाभ्यास के माध्यम से शिक्षक एवं विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक राजकुमार ने सूक्ष्म व्यायाम के साथ बैठकर, खड़े होकर एवं लेटकर किये जाने वाले योगासनों वज्रासन, शशकासन, वृक्षासन, ताड़ासन, भुजंगासन, शलभासन आदि के साथ नाड़ीशोधन, भ्रामरी, कपालभाति आदि प्राणायामों का अभ्यास कराया। इन आसन एवं प्राणायाम का नित्य अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन खेल समिति के संयोजक डॉ. विवेक यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रेमभूषण यादव, डॉ. रामसरन यादव, डॉ. रंजना मल्ल आदि परिसर के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment