बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे के बनने से घटेगी दूरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सात राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया शिलान्यास
चितबड़ागांव (बलिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में राजमार्गों के निर्माण से निवेश तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है। 
उक्त उद्गार केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जनपद के चितबड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री गडकरी द्वारा बलिया के चितबड़ागाँव में 6500 करोड़ के निवेश से सात राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का राज्य के मंत्री जितिन प्रसाद, दयाशंकर सिंह, दानिश आजाद अन्सारी, बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त तथा अन्य सांसदों, विधायकों और अधिकारियों की उपस्थिति में शिलान्यास किया गया। कहाकि बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे के बनने से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से लखनऊ से पटना केवल साढ़े चार घंटे में पहुँचा जा सकेगा। बलिया से बक्सर आधे घंटे में, बलिया से छपरा एक घंटे में और बलिया से पटना डेढ़ घंटे में पहुँचा जा सकेगा। ग्रीनफील्ड हायवे के निर्माण से पूर्वी उत्तर प्रदेश को बिहार के छपरा, पटना, बक्सर जनपदों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। यहां के किसानों की सब्जी लखनऊ, वाराणसी, पटना की मंडियों तक आसानी पहुँच सकेगी। इस एक्सप्रेस-वे के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों को तीन मल्टि मोडल टर्मिनल वाराणसी, गाजीपुर और हल्दिया का सीधा लाभ मिलेगा।
कहा कि चंदौली से मोहनिया तक 130 करोड़ की लागत से बन रहे ग्रीनफील्ड मार्ग से उत्तर प्रदेश के चंदौली और बिहार के कैमूर जिलों को दिल्ली –कोलकाता जीटी रोड़ से कनेक्टिविटी मिलेगी। सैदपुर से मरदह मार्ग के बनने से मऊ की सैदपुर होकर वाराणसी के लिए सीधी कनेक्टिविटी होगी। प्रदेश के अन्य शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी होने से प्रदेश की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार होगा, साथ ही आजमगढ़ जिले के पिछड़े क्षेत्रों को नई कनेक्टिविटी मिलेगी। इस अवसर पर 1500 करोड़ की लागत से 28 किमी ग्रीनफील्ड स्पर मार्ग से बलिया –आरा के बीच नई कनेक्टिविटी मार्ग की घोषणा की। 
उन्होंने 2381 करोड़ की लागत से गोरखपुर के लिए रिंग रोड़ की घोषणा की। सीआरएफ में साढ़े आठ हजार करोड़ की लागत से 13 आरओबी की घोषणा की गई। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता गण मंच पर मौजूद रहे।
रिपोर्ट: विक्की कुमार गुप्ता

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर समाधान दिवस पर डीएम के समक्ष प्रस्तुत किया आवेदन