नेताजी मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि एवं रामगोविन्द चौधरी की श्रद्धांजलि सभा संपन्न
दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बलिया। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ‘नेताजी’ की चौथी पुण्यतिथि तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामगोविन्द चौधरी की स्मृति में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों एवं संघर्षों को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, सादगी और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता समाजवादी आंदोलन की अमूल्य धरोहर हैं। वहीं, स्वर्गीय रामगोविन्द चौधरी ने भी समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव और रामगोविन्द चौधरी जैसे नेताओं का जीवन समाज सेवा, संघर्ष और जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके विचार और सिद्धांत समाजवादी कार्यकर्ताओं को सदैव जनसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं के सपनों को साकार करने के लिए समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि नेताजी ने समाजवादी पार्टी को गांव, गरीब, किसान और नौजवान की आवाज बनाया। वहीं, स्वर्गीय रामगोविन्द चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष किया। दोनों नेताओं के विचार और आदर्श पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाजवादी पार्टी को और मजबूत बनाने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभा में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों दिवंगत नेताओं के योगदान को याद करते हुए समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुशील पाण्डेय कान्हजी, लक्ष्मण गुप्ता, साथी रामजी गुप्ता, डॉ.प्रमोद यादव, श्रीभगवान वर्मा, अजय यादव, हरेंद्र गोंड, देवेश चतुर्वेदी, रामेश्वर पासवान, जलालुद्दीन जे.डी., अंगद मिश्र फौजी, कामेश्वर सिंह, अखिलेश गुप्त,प्रदीप यादव, चंद्रशेखर यादव, विनय गोंड, रवींद्र यादव, बीर लाल यादव, सुभाष यादव, सुनील सर्राफ, अनिल खरवार, मनमोहन विंद, सुशांत पाठक, अनिल राय, कमलेश भारती, अमलेश चौहान, राज कुमार पाण्डेय, नीरज यादव, रामदेव यादव, विजय यादव, सुधिष्ठ यादव सहित अनेक समाजवादी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लोकगीत गायक मनोज सिंह और राज विजय यादव ने अपनी गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि व्यक्त किया। सभा का संचालन बीरबल राम ने किया।
Comments
Post a Comment