तीन विधाओं में बलिया के छात्र छात्राएं राज्य स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
मंडलीय कला उत्सव में संगीत समूह गायन, पारंपरिक कहानी वाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे
बलिया। राज्य स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता के लिए जनपद के तीन विधाओं में जनपद के छात्र- छात्राओं ने मंडलीय कला उत्सव प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लाकर अपना स्थान पक्का कर लिया है।
कला उत्सव के नोडल अधिकारी डॉ इफ्तखार खान ने बताया कि मंडलीय कला उत्सव का आयोजन प्रतिभा निकेतन विद्यालय आजमगढ़ में हुआ। जिसका उद्घाटन संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉक्टर आर्य ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में कला, प्रतिभा को निखारने एवं कला संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन हो रहा है। इस प्रतियोगिता में बलिया आजमगढ एवं मऊ के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
डॉ. खान ने बताया कि बलिया के छात्र-छात्राओं ने तीन विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर लिया जिसमें संगीत समूह गायन में गांधी इंटर कॉलेज सिकंदरपुर की खुशी गोंड, सुहानी वर्मा, निक्की राजभर, शिवानी वर्मा ने पारंपरिक भोजपुरी गीत गाकर सबको मंत्र मुक्त कर दिया।
पारंपरिक कहानी वाचन में जीजीआईसी रसड़ा की सोनी, सुप्रिया एवं संगीत वादन सुशिर वाद्य यंत्र हारमोनियम में नागाजी माल्देपुर के देवमणि उपाध्याय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित हुए। टाउन डिग्री कॉलेज संगीत विभाग के अरविंद कुमार उपाध्याय, जीजीआईसी रसड़ा के प्रधानाचार्य राम निवास यादव, अध्यापिका श्रीमती ज्योति देवी, गांधी इंटर कॉलेज सिकंदरपुर के अध्यापक जितेंद्र यादव तथा राजकीय इंटर कॉलेज बलिया के कलाध्यापक एवं कला उत्सव नोडल डॉ इफ्तेखार खान की देखरेख में बच्चों ने प्रतिभाग किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक बलिया मनोज कुमार मिश्र ने जनपद के बच्चों के शानदार उपलब्धि बधाई देते हुए कहा के बच्चे पूरी लगन से तैयारी करें जिससे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बलिया का नाम रोशन हो सके। प्रधानाचार्य अतुल तिवारी ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए समय और तारीख निर्धारित होने पर बता दिया जाएगा।
Comments
Post a Comment