पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य, रात में गश्त बढ़ाएगी पुलिस

नवरात्र-दशहरा की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, पूजा समितियों को दिए निर्देश
बलिया। शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों, रामलीला कमेटियों और दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन इंतजाम, मूर्ति विसर्जन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन स्थलों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि मूर्तियों का विसर्जन नदियों में न कर निर्धारित पोखरों और तालाबों में ही कराया जाए। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और प्रकाश की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के सदस्यों से आयोजनों के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। पंडालों के ऊपर से बिजली के तार नहीं गुजरने चाहिए और मूर्तियों की स्थापना बिजली के खंभों से सटाकर नहीं की जाए। 

पंडालों में बिजली के तार लटकते हुए नहीं मिलने चाहिए। साथ ही, मूर्तियों की स्थापना इस तरह की जाए कि आम लोगों का आवागमन बाधित न हो। उन्होंने सभी पूजा समितियों को पंडालों में अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टी और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। प्रमुख पूजा पंडालों का अग्निशमन विभाग से सुरक्षा ऑडिट कराने तथा पूजा स्थलों तक जाने वाले रास्तों की स्थिति ठीक कराने को भी कहा। जहां कहीं भी पंडालों के आसपास रोड लाइट खराब हो, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
 
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को पर्व के दौरान लगातार सतर्क रहने और रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों में समिति के सदस्य रात के समय भी मौजूद रहें, ताकि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जा सके। सभी पूजा समितियों के कम से कम एक सदस्य का मोबाइल नंबर संबंधित थानाध्यक्ष के पास उपलब्ध रहना चाहिए। डीजे संचालकों को भी निर्देश दिया गया कि डीजे की ऊंचाई अनावश्यक रूप से न बढ़ाएं, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। प्रशासन ने पर्व के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी टाउन एरिया के मंदिरों और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पूजा स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं के साथ प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों का समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

 उन्होंने स्पष्ट किया कि नवरात्र और दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, एसपी डॉ इराज राजा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी एसडीएम एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: असगर अली

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन