पारिवारिक कलह से नाराज युवक जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगा नदी में लगाई छलांग

गंगा नदी में युवक की तलाश कराई गई शुरू
दुबहड़ बलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी एक युवक ने शुक्रवार दोपहर पारिवारिक कलह से नाराज होकर जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक को नदी में छलांग लगाते देख उसके मामा के लड़के ने उसे रोकने और समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी को सूचना देकर युवक की तलाश शुरू करा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगवा गांव निवासी नसीम अंसारी (36 वर्ष), पुत्र अनवर अली, शुक्रवार दोपहर किसी पारिवारिक विवाद से नाराज होकर घर से निकल गया था। उसके घर से चले जाने के बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान नसीम जनेश्वर मिश्र सेतु पर पहुंच गया। वहां उसके मामा का लड़का भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि नसीम ने अपने मामा के लड़के के सामने ही गंगा नदी में छलांग लगा दी।

नसीम को नदी में कूदते देख उसके मामा के लड़के ने उसे रोकने के लिए काफी अनुनय- विनय किया और समझाने का प्रयास किया, लेकिन नसीम ने उसकी बात नहीं मानी और देखते ही देखते गंगा नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही दुबहड़ थानाध्यक्ष बृजेश सिंह अपने पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस की ओर से स्थानीय गोताखोरों तथा फ्लड रिलीफ पीएसी को सूचना दी गई, जिसके बाद गंगा नदी में युवक की तलाश शुरू कराई गई।

बताया जाता है कि नसीम अंसारी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि वह स्वयं अविवाहित था। नसीम अपने परिवार की कपड़े की दुकान पर काम करता था। पारिवारिक कलह के बाद उसके इस कदम से परिजन बेहद चिंतित हैं।

घटना के बाद से परिवार में बेचैनी का माहौल है। परिजन नसीम के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी की मदद से गंगा नदी में उसकी तलाश की जा रही है। युवक के नदी में छलांग लगाने की घटना से क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट: रणजीत सिंह

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन