बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के लिए सम्मानित हुई छात्राएं
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की छात्राएं सम्मानित
बलिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के समाज कार्य विभाग की छात्राओं अंजली सिंह, निधि कुमारी, पलक शर्मा, शालू मिश्रा और सिम्पी सिंह को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सम्मानित किया गया। इन छात्राओं को जिलाधिकारी श्री मंगल प्रसाद सिंह के कर कमलों से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छात्राओं को यह सम्मान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को समुदाय स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया। वर्ष 2025–26 के दौरान इन छात्राओं ने विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं अभियानों को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विशेष रूप से बाल विवाह के खिलाफ समुदाय में जागरूकता फैलाने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति सचेत करने में उनका योगदान सराहनीय रहा।
इस अवसर पर समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा ने कहा कि समाज कार्य के विद्यार्थियों का दायित्व केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं ने जिस समर्पण और सक्रियता के साथ समुदाय स्तर पर कार्य किया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी समाज की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होती है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों से जुड़ने पर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में विनम्रता, संवेदनशीलता और सहनशीलता जैसे मानवीय गुणों का विकास होता है। ये गुण व्यक्ति को पारिवारिक तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक और उत्तरदायी बनाते हैं, जो एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment