वृद्धजनों के साथ समाज कार्य विभाग के छात्रों ने किया संवाद
वॉक एंड टॉक से जाना जीवन और संघर्ष
बलिया। विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के छात्रों ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद ली गई पंचायतों के विभिन्न गाँवों में वृद्धजनों के साथ वॉक एंड टॉक गतिविधि आयोजित की। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के संरक्षण, विभागाध्यक्ष पुष्पा मिश्रा के निर्देशन तथा डॉ. रूबी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनके स्वास्थ्य, व्यक्तिगत जीवन, पारिवारिक अनुभव, जीवन संघर्ष एवं वर्तमान समस्याओं पर आत्मीय संवाद किया। छात्रों ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा अकेलेपन,
स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और भावनात्मक सहयोग जैसी जरूरतों को समझने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने वृद्धजनों को समय, सम्मान और भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के साथ समाज कार्य की व्यावहारिक शिक्षा को समुदाय से जोड़ा।वृद्धजनों ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए और युवा पीढ़ी को महत्वपूर्ण संदेश दिए।
कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि समाज कार्य के छात्रों द्वारा वृद्धजनों के साथ वॉक एंड टॉक के माध्यम से संवाद करना एक नवाचारपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को कक्षा की सैद्धांतिक शिक्षा से आगे बढ़कर समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी और वृद्धजनों के बीच संवाद की दूरी कम करना आज की आवश्यकता है।
वृद्धजनों के पास जीवन का लंबा अनुभव, सामाजिक समझ और संघर्षों से अर्जित ज्ञान होता है। विद्यार्थियों द्वारा उनके साथ समय बिताने से न केवल बुजुर्गों को अपनापन, सम्मान और भावनात्मक सहयोग मिलता है, बल्कि युवाओं में संवेदनशीलता, धैर्य, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment