दिल की धड़कन को न करे नजरअंदाज, समय पर जांच से बच सकती है जिंदगी

कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार ने की अपील
बलिया। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले जनपद के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार, एमबीबीएस, एमडी (मेडिसिन) ने बलिया के नागरिकों से अपने हृदय के प्रति विशेष सजग रहने की अपील की।

डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली, तनाव, खान-पान में लापरवाही, शारीरिक मेहनत की कमी, धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बढ़ता कोलेस्ट्रॉल हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। इसलिए स्वस्थ व्यक्ति भी समय-समय पर अपने ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराते रहें।

उन्होंने कहा कि सीने में दर्द या दबाव, अचानक सांस फूलना, अत्यधिक पसीना आना, चक्कर, असामान्य कमजोरी अथवा दर्द का हाथ, कंधे, पीठ या जबड़े तक पहुंचना जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

डॉ. संतोष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि “हृदय को स्वस्थ रखने के लिए दवा से पहले अपनी जीवनशैली को स्वस्थ बनाना जरूरी है। नियमित पैदल चलें, संतुलित भोजन करें, नमक और अत्यधिक तले-भुने भोजन का सेवन कम करें, तंबाकू से दूरी बनाएं और तनाव को नियंत्रित रखने का प्रयास करें।”

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि मोबाइल और स्क्रीन पर अधिक समय बिताने के बजाय खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाएं। वहीं परिवार के बुजुर्गों और पहले से हृदय, ब्लड प्रेशर या डायबिटीज से पीड़ित लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें।

कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव संतोष तिवारी ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना है। विश्व हृदय दिवस पर ट्रस्ट की ओर से जनपदवासियों को यही संदेश है कि “अपने दिल की सुनिए, चेतावनी को समझिए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाइए।”

साभार: संतोष तिवारी

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन