दीक्षान्त मण्डप का विधि-विधान से हुआ भूमि-पूजन और पूर्वाभ्यास
अष्टम दीक्षांत समारोह 29 जुलाई
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में अष्टम दीक्षान्त समारोह 29 जुलाई दिन बुधवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को दीक्षान्त समारोह के कार्यक्रमों का विधिवत पूर्वाभ्यास किया गया।
समारोह के आयोजन स्थल दीक्षान्त मण्डप का शास्त्रीय विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कुलपति प्रो० नरेंद्र कुमार शुक्ल और उनकी धर्मपत्नी डॉ० वन्दना शुक्ल ने भूमि-पूजन किया। इसके पश्चात दीक्षान्त समारोह के सम्पूर्ण कार्यक्रम का क्रमबद्ध रूप से पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें शैक्षणिक शिष्ट यात्रा के आगमन से लेकर उपाधि एवं स्वर्ण पदक वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया।
अष्टम दीक्षान्त समारोह का शुभारम्भ शैक्षणिक शिष्ट यात्रा के आगमन के साथ होगा। समारोह में विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करने के साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। मुख्य अतिथि द्वारा दीक्षोपदेश दिया जाएगा। समारोह में प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण गीत एवं लोकनृत्य की मनोहारी प्रस्तुति भी दी जाएगी।
दीक्षान्त समारोह के अवसर पर प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक किट तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को भी किट वितरित किए जाएंगे। समारोह के दौरान होने वाले इन सभी कार्यक्रमों का आज विधिवत पूर्वाभ्यास किया गया, ताकि मुख्य समारोह का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और सुव्यवस्था के साथ सम्पन्न हो सके।
दीक्षान्त समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों एवं पुस्तकालय की व्यवस्थाओं के साथ-साथ दीक्षान्त मण्डप, मंच, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
पूर्वाभ्यास के दौरान कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल, कुलसचिव एस. एल. पाल, वित्त अधिकारी आनंद दुबे, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, कार्य परिषद एवं विद्या परिषद के सदस्यगण तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment