राष्ट्रसेवा और स्वच्छता के संदेश के साथ मना गांधी-शास्त्री जयंती

स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेटों ने निकाली विशाल प्रभात फेरी, किया वृक्षारोपण
बलिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश, जनपद बलिया द्वारा शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेटों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम के क्रम में प्रातः 6:30 बजे बापू भवन, टाउन हॉल, चौक से एक विशाल प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में कुंवर सिंह इंटर कॉलेज, श्री मुरली मनोहर टाउन इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रभात फेरी का आयोजन “हमारा संविधान—हमारा स्वाभिमान” एवं “समृद्ध उत्तर प्रदेश—समृद्ध भारत” की थीम पर किया गया।

प्रभात फेरी नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट भवन पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं कैडेटों ने राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी महोदय, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला सचिव राजेश कुमार सिंह, जिला स्काउट मास्टर अरविंद कुमार सिंह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त निर्भय नारायण सिंह, जिला संगठन आयुक्त सौरभ कुमार पाण्डेय, ट्रेनिंग काउंसलर नफील अख्तर आजाद, रवि प्रकाश सहित अनेक स्काउट-गाइड पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

“एक पेड़ माँ के नाम” के तहत हुआ वृक्षारोपण
कलेक्ट्रेट भवन एवं संबंधित विद्यालयों में ध्वजारोहण के उपरान्त “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत माल्देपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री नीरज शेखर एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट सौरभ कुमार पाण्डेय के साथ स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेटों एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं दुकानदारों ने भी सहभागिता की। स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेटों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लेते हुए आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से महात्मा गांधी जी के स्वच्छता, सत्य, अहिंसा एवं सेवा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती का यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने की दिशा में प्रेरणादायी रहा।

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन