स्वच्छता,नशा मुक्ति एवं श्रमदान के संदेश के साथ निकाली गई जागरूकता रैली
सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता रैली का हुआ आयोजन
बलिया। मेरा युवा भारत जनपद बलिया, जिला गंगा समिति, बलिया तथा आरसेटी, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में वर्तमान में संचालित सेवा संकल्प अभियान, स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा एवं श्रमदान से प्रेरित स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जीराबस्ती क्षेत्र में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरसेटी परिसर में स्वच्छता अभियान से हुआ, जिसमें 100 से अधिक युवाओं एवं आरसेटी प्रशिक्षुओं ने श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की। इसके उपरांत आरसेटी परिसर से स्वच्छता, नशा मुक्ति एवं श्रमदान के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली गई। युवाओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता अपनाने, नशे से दूर रहने तथा श्रमदान के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता रैली के जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचने के उपरांत युवाओं ने वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में वन विभाग परिसर में स्वच्छता की शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, नशे से दूर रहने तथा समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। साथ ही श्रमदान एवं जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में डीएफओ नीरज आर्य, एलडीएम सुशील कुमार, जिला युवा अधिकारी रवि मिश्रा, डायरेक्टर आरसेटी सुमित कुमार, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति शलभ उपाध्याय, वर्धन पाठक, नवीन कुमार सिंह सहित लगभग 150 आरसेटी प्रशिक्षु एवं अन्य युवा उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: रणजीत सिंह
Comments
Post a Comment