शैक्षणिक भ्रमण दल को कृषि प्रभारी ने हरी झंडी दिखा किया रवाना
जेएनसीयू के बी.एससी. कृषि छात्रों का राष्ट्रीय कृषि महत्त्वपूर्ण सूक्ष्मजीव ब्यूरो में शैक्षणिक भ्रमण
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के बी.एससी. कृषि के विद्यार्थियों के लिए आईसीएआर-राष्ट्रीय कृषि महत्त्वपूर्ण सूक्ष्मजीव ब्यूरो, कुशमौर, मऊ में शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के निर्देशन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण दल को कृषि प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि में सूक्ष्मजीवों की उपयोगिता, जैव उर्वरकों, जैव नियंत्रण एजेंटों, सूक्ष्मजीव संरक्षण तथा फसल उत्पादन एवं मृदा स्वास्थ्य में उनके वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व से परिचित कराना था। भ्रमण दल का नेतृत्व डॉ. लाल विजय सिंह ने किया। उनके साथ श्री पंकज कुमार पटेल, श्री विकास कुमार यादव एवं सुश्री अंकिता सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग किया।
आईसीएआर-राष्ट्रीय कृषि महत्त्वपूर्ण सूक्ष्मजीव ब्यूरो के निदेशक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संस्थान के वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को सूक्ष्मजीव विज्ञान एवं उसके कृषि क्षेत्र में अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। वैज्ञानिक डॉ. हर्ष वर्धन सिंह ने विद्यार्थियों को सूक्ष्मजीवों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लाभकारी एवं हानिकारक सूक्ष्मजीवों, जैव उर्वरकों, जैव नियंत्रण एजेंटों तथा मृदा स्वास्थ्य एवं फसल उत्पादन में सूक्ष्मजीवों की भूमिका को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं, अनुसंधान कार्यों एवं वैज्ञानिक गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिकों के साथ संवाद करते हुए सूक्ष्मजीवों के अध्ययन, संरक्षण एवं कृषि में उनके उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
डॉ. लाल विजय सिंह ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को प्रयोगशाला एवं अनुसंधान के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान के प्रति रुचि तथा कृषि की नवीन तकनीकों को समझने की क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं।
इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में सूक्ष्मजीवों की भूमिका एवं उनके आधुनिक उपयोगों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment