स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
जेएनसीयू में “स्वच्छता अभियान एवं सौंदर्यीकरण कार्यक्रम" का हुआ आयोजन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो.नरेंद्र कुमार शुक्ल के निर्देशन में 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत 22 सितंबर 2026 दिन मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में “स्वच्छता अभियान एवं सौंदर्यीकरण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना एवं विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर से लेकर लगभग 500 मीटर तक सड़क एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने सड़क पर फैले कूड़े-कचरे एवं अन्य अवांछित वस्तुओं को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर परिसर संस्थान की पहचान बढ़ाता है एवं विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी की भावना का भी विकास करता है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ रंजना मल्ल, उप नोडल अधिकारी डॉ. संदीप यादव एवं आयोजन से जुड़े अन्य सदस्यों में डॉ. विवेक कुमार यादव, डॉ. दिलीप मद्धेशिया, डॉ.आदित्य शर्मा, डॉ.निधि सिंह एवं डॉ. राम सरन यादव की सक्रिय भूमिका रही।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment