सपा का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 17 जुलाई को गायघाट गांव का करेगा दौरा
कामजी गोंड की कथित पुलिस पिटाई से हुई मृत्यु संबंधी तथ्यों की जानकारी करेगा प्राप्त
बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री अखिलेश यादव जी के निर्देश पर बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के रेवती थाना अंतर्गत गायघाट गांव निवासी कामजी गोंड की कथित पुलिस पिटाई से हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त करने तथा घटना के सही तथ्यों की जानकारी प्राप्त करने के लिए पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 17 जुलाई को गायघाट गांव का दौरा करेगा।
इस संबंध में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल द्वारा 14 जुलाई को ही पत्र जारी कर दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव रामगोविन्द चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय एवं रामशंकर राजभर, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्यास जी गौड़, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, विधायक जियाउद्दीन रिज़वी, जय प्रकाश अंचल, राजेश गौड़, हरिहर गौड़, विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
उक्त जानकारी प्रेस को देते हुए समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से पीड़ित, शोषित एवं वंचित लोगों के न्याय के लिए संघर्ष करती रही है। गायघाट की इस घटना में भी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी।
Comments
Post a Comment