श्रीराम इनसाइट द्वारा सेवा सदन स्कूल के छात्र-छात्राओं में शिक्षण सामग्री वितरित
सामाजिक सरोकार कार्य के क्रम में 'श्रीराम इनसाइट शेयर ब्रोकर्स लिमिटेड' द्वारा वितरण कार्यक्रम
सोहाव (बलिया)। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में कथरिया स्थित सेवा सदन स्कूल में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 'श्रीराम इनसाइट शेयर ब्रोकर्स लिमिटेड' द्वारा सामाजिक सरोकार निभाते हुए माँ सुरसरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित सेवा सदन स्कूल के छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह देखते ही बन रहा था।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीराम इनसाइट के महाप्रबंधक अवधेश कुमार सिंह ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष और ज्ञान की मिसाल है, जो हमें सिखाता है कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, क्योंकि शिक्षित युवा ही देश के विकास की मुख्य धारा को गति दे सकते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने श्रीराम इनसाइट कंपनी के इस सराहनीय कदम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट जगत का शिक्षा के प्रति ऐसा जुड़ाव ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी बच्चों के लिए वरदान साबित होगा। स्कूल परिवार की ओर से कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए उनके इस नेक कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
प्रिंसिपल सुमन सिंह के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीराम इनसाइट के बलिया शाखा प्रबंधक दिनेश्वर प्रसाद चतुर्वेदी और बृजेश सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। इस मौके पर शिक्षिका शबाना खातून, अमृता, रूबी, दीपशिखा सिंह, किरन, अंजली पांडेय, रिया गुप्ता और प्रणिता सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारी व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment