विद्यार्थियों को दिया गया प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में चिकित्सकों ने समझाए स्वास्थ्य सुरक्षा के जरूरी उपाय
बलिया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बलिया में छात्र- छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्राथमिक उपचार जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार देने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर चिकित्सकों की टीम ने छात्र-छात्राओं की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच भी की।
कार्यक्रम में डा. क्षितिज सिंह, डा. निखिल कुमार तिवारी, डा. मनीष तिवारी, डा. राजकेश कुमार एवं डा. बादल राज ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार की विभिन्न विधियों की जानकारी दी। डा. क्षितिज सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी है। दुर्घटना, चोट, रक्तस्राव, बेहोशी अथवा अचानक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में घबराने के बजाय प्राथमिक उपचार की जानकारी बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया। बच्चों ने प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सकों से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में जवाब दिया।
चिकित्सकों की टीम को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने चिकित्सकों की पूरी टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने के लिए चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी व्यावहारिक जानकारी देना भी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और आपात परिस्थितियों में सही कदम उठाने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं।
रिपोर्ट: संतोष तिवारी
Comments
Post a Comment