विशाल सामूहिक विवाह समारोह को हर संभव मदद का दिया आश्वासन

माननीय राज्यपाल ने की वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र कुमार गुप्ता के प्रयासों की सराहना 
शिमला (हिमाचल प्रदेश)। राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन द्वारा दहेज प्रथा के उन्मूलन के संकल्प के साथ 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित 51हजार जोड़ों के विशाल सामूहिक विवाह समारोह को हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता का समर्थन प्राप्त हुआ है।

राजभवन में हुआ शिष्टाचार भेंट
हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने स्वयं फोन करके मिशन के संस्थापक निदेशक एवं संयुक्त पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र कुमार गुप्ता को तत्काल शिमला बुलाया। निर्धारित समयानुसार 1 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे सुरेन्द्र कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ राजभवन शिमला पहुंचे। राजभवन में श्री संदीप, अपर मुख्य सचिव, राजभवन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरेन्द्र कुमार गुप्ता का सम्मान के साथ रिसीव किया और चाय-नाश्ते की व्यवस्था की।

इसके बाद माननीय राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता जी के साथ लगभग 20 मिनट तक शिष्टाचार भेंट हुई। महामहिम राज्यपाल के निर्देश पर भेंट के उपरांत सुरेन्द्र कुमार गुप्ता के साथ अपर मुख्य सचिव श्री संदीप और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की लगभग 50 मिनट तक विस्तृत बैठक चली। इस बैठक में 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में होने वाले 51 हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह की रूपरेखा, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार और सरकारी सहयोग के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान माननीय राज्यपाल ने यह आश्वासन दिया कि वह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाले इस महासमारोह में शामिल होने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपर मुख्य सचिव श्री संदीप को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे आयोजन को लेकर सुरेन्द्र कुमार गुप्ता के निरंतर संपर्क में रहें और हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करें। 

अब चार बड़े नाम समर्थन में
इससे पहले त्रिपुरा के महामहिम राज्यपाल श्री नल्लू इंद्रसेन रेड्डी, झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार और पंजाब के मुख्य सचिव इस अभियान को अपना समर्थन दे चुके हैं। अब हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के समर्थन के साथ यह मुहिम राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले रही है।

श्री गुप्ता ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता जी से राजभवन शिमला में हुई भेंट और अपर मुख्य सचिव श्री संदीप सहित अन्य अधिकारियों के साथ हुई 50 मिनट की सार्थक बैठक के बाद मैं अत्यंत भावुक और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

महामहिम ने राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित 51 हजार जोड़ों के विशाल सामूहिक विवाह को "देश-दुनिया का अजूबा" बताकर न केवल हमारा हौसला बढ़ाया है, बल्कि दहेज मुक्त समाज बनाने की हमारी मुहिम को राष्ट्रीय पहचान भी दी है।

राज्यपाल महोदय ने कहा कि यह केवल विवाह नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति है। उन्होंने पूर्ण समर्थन के साथ हर संभव मदद का आश्वासन दिया और स्वयं लखनऊ आने की इच्छा भी जताई। अपर मुख्य सचिव को निर्देश देकर और अपना पर्सनल नंबर देकर उन्होंने जिस आत्मीयता का परिचय दिया है, वह अभूतपूर्व है। 

त्रिपुरा, झारखंड और पंजाब के बाद अब हिमाचल के समर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि यह मुहिम अब जन-आंदोलन बन चुकी है। दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए जब शासन और समाज एक साथ खड़े होंगे, तो निश्चित रूप से लाखों बेटियों का भविष्य सुरक्षित होगा।

राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन, महामहिम के मार्गदर्शन में इस ऐतिहासिक कार्य को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा। इस अवसर पर सुरेन्द्र कुमार गुप्ता के साथ विनय कुमार यादव, विनोद सिंह सहित राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन की टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विक्की कुमार गुप्ता 

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी

संगीत विभाग के छात्र का दिल्ली शिक्षा निदेशालय में म्यूजिक टीचर पद पर चयन