शीतल व मीठे जल' के वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
शहर के टीडी कॉलेज चौराहे पर हुआ शरबत वितरण
बलिया। उत्तर प्रदेश सहित पूरे जनपद में पड़ रही भीषण और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को देखते हुए युवाओं की एक टोली ने अनूठी और सराहनीय मानवीय पहल की है। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक, टीडी कॉलेज चौराहा पर राहगीरों, रिक्शा चालकों, राह चलती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इस तपती धूप से राहत दिलाने के उद्देश्य से विशाल 'शीतल व मीठे जल' के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस पुनीत सेवा कार्य का नेतृत्व मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष छोटू गुप्ता ने अपने सहयोगियों व मित्रों के साथ मिलकर किया। दोपहर की चिलचिलाती धूप में जब तापमान अपने चरम पर था, तब इन उत्साही युवाओं ने सड़क पर उतरकर सेवा भाव की मिसाल पेश की। ठंडे और मीठे पानी का घूंट पीकर सैकड़ों राहगीरों के चेहरों पर संतोष और राहत के भाव साफ देखे जा सकते थे। राहगीरों ने युवाओं के इस निस्वार्थ प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उन्हें आशीर्वाद दिया।
आयोजनकर्ता छोटू गुप्ता ने इस अवसर पर कहा, "इस समय पूरा बलिया भीषण लू और गर्मी की चपेट में है। ऐसे में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा धर्म है। हमारे सभी साथियों ने मिलकर यह छोटा सा प्रयास किया है ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों और राहगीरों को इस तपन में थोड़ी राहत मिल सके। भविष्य में भी समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।"
सेवा कार्य में अग्रणी भूमिका निभाने वाली टीम - अनुप यादव, पवन, रौनक, राहुल वर्मा, सोनू, सुधीर, धीरज, अभिषेक, प्रशान्त, अमित, नीरज, अमित, अमन आदि। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी टीम ने बेहद सक्रिय योगदान दिया और आपसी सहयोग से सुचारू रूप से व्यवस्था संभाली। सेवा के इस जज्बे ने स्थानीय नागरिकों के बीच एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया है।
रिपोर्ट: विक्की कुमार गुप्ता
Comments
Post a Comment