जेएनसीयू मे अष्टम दीक्षान्त समारोह के सफल आयोजन हेतु हुई बैठक
दीक्षान्त के पूर्व दीक्षोत्सव का भी आयोजन किया जायेगा आयोजन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वाविद्यालय का अष्टम दीक्षान्त समारोह 29 जुलाई, 2026 को आयोजित होगा। विवि की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की श्री राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल इस समारोह की अध्यक्षता करेंगी। दीक्षान्त के सफल आयोजन हेतु कुलपति प्रोफेसर नरेन्द्र कुमार शुक्ल के आदेशानुसार कुलसचिव एस एल पाल ने कोर समिति, स्वागत समिति, स्मारिका मुद्रण समिति, शोभायात्रा समिति, उत्तरीय एवं पगड़ी वितरण समिति, अनुशासन समिति आदि कई समितियों का गठन किया है।
इन समितियों में विवि परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राध्यापक गण, प्राचार्य गण, संकायाध्यक्ष गण के साथ विवि के कर्मचारी भी सम्मिलित हैं। दीक्षान्त के पूर्व दीक्षोत्सव का भी आयोजन किया जायेगा। विवि के गोद लिए हुए गाँवों के प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के मध्य निबंध लेखन, कहानी कथन, पेंटिंग, परंपरागत खेल प्रतियोगिता आदि का आयोजन अंतर्विद्यालयी और अंतरविद्यालयी स्तर पर किया जायेगा। इन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को राज्यपाल महोदया सम्मानित करेंगी।
माँ- बेटी सम्मेलन का भी होगा आयोजन
दीक्षान्त के अवसर पर माँ- बेटी सम्मेलन का भी आयोजन होगा, जिसमें बेटियों के स्वास्थ्य की जाँच रिपोर्ट को माताओं के साथ साझा किया जायेगा। इस सम्मेलन में राज्यपाल महोदया माताओं से बेटियों के स्वास्थ्य के बारे में संवाद करेंगी।
कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने कहा कि दीक्षान्त विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण आयोजन होता है। इस अवसर पर उच्च शिक्षा के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने के साथ उन्हें दीक्षोपदेश भी प्रदान किया जाता है, जिससे विद्यार्थी को कर्मक्षेत्र में उतरने से पहले जरूरी अनुभव प्राप्त होते हैं। समितियों के समन्वयक गण एवं सदस्यों से संवाद किया। विश्वास जताया कि सबके सहयोग से दीक्षान्त समारोह का आयोजन हर बार की तरह सफल रहेगा। कुलसचिव एस एल पाल ने कहा कि दीक्षान्त के अवसर पर उपाधि वितरण होगा, जो मूल्यांकन कार्य की पूर्णता पर आधारित है। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन कार्य अपने अंतिम चरण में है और शीघ्र ही सम सेमेस्टर के विभिन्न विषयों/ पाठ्यक्रमों का परिणाम घोषित हो जायेगा।
वित्त अधिकारी आनंद दुबे ने आश्वस्त किया कि दीक्षान्त के सफल आयोजन में वित्त सम्बन्धी कोई कठिनाई नहीं आएगी। इस अवसर पर प्रो. अखिलेश राय, प्रो. सानंद सिंह, प्रो. धर्मात्मानंद, प्रो. बृजेश सिंह, प्रो. जैनेन्द्र पाण्डेय, डॉ. प्रियंका सिंह आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment