आज वैश्विक चुनौती है जलवायु परिवर्तन: प्रो. संजीव कुमार गुप्ता
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने गांव में चलाया पर्यावरण जागरूकता अभियान
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के आईक्यूएसी द्वारा "सोशियो इकोलॉजिकल अप्रोचस टू क्लाइमेट रेसिलिएंट डेवलेपमेंट” विषय पर आयोजित एक दिवसीय वर्कशॉप एवं इंटर्नशिप प्रोग्राम के अंतर्गत विद्यार्थियों को पर्यावरण जागरूकता का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. एस. बी. राय (चेयरमैन, इब्राड) ने अपने व्याख्यान में जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा समाज की सहभागिता की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज से जुड़कर कार्य करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इंटर्नशिप गतिविधि के अंतर्गत 20 विद्यार्थियों को पिपरौली गांव ले जाया गया, जहाँ प्रो. राय के निर्देशन में विद्यार्थियों ने लगभग दो घंटे तक ग्रामीणों के बीच रहकर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलायी। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए छोटे-छोटे व्यवहारिक उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. संजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नई शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी समाज के बीच जाकर कार्य करते हैं तो उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
उन्होंने मुख्य अतिथि द्वारा बताए गए बिंदुओं को रेखांकित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चुनौती है और इससे निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ता रहेगा। कुलपति महोदय ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रो. प्रियंका सिंह (कुलानुशासक एवं अध्यक्ष, भूगोल विभाग) द्वारा दिया गया। अंत में डॉ. पूजा सिंह, सहायक प्राध्यापक, भूगोल विभाग ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही तथा यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment