विद्यार्थियों को सही दिशा में आगे बढ़ने का अवसर करती हैं प्रदान: कुलपति
करियर काउंसलिंग एवं रोजगार मेला के पोस्टर का हुआ लोकार्पण
बलिया। विद्यार्थियों को बेहतर करियर मार्गदर्शन, रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से नमस्कार फाउंडेशन एवं जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के संयुक्त प्रयास से आयोजित होने वाले कैरियर काउंसिलिंग एवं रोजगार मेला कार्यक्रम के पोस्टर का सोमवार को लोकार्पण कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य और रोजगार के लिए तैयार करना भी है। करियर काउंसलिंग एवं रोजगार जैसी पहल विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और सही दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। नमस्कार फाउंडेशन के साथ विश्वविद्यालय का यह सहयोग निश्चित रूप से विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
शैक्षणिक निदेशक डॉ. पुष्पा मिश्रा ने कहा कि करियर के क्षेत्र में सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और भविष्य को मजबूत करता है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता एवं संभावनाओं के अनुरूप अवसर पहचानने में सहायता करेगा। विश्वविद्यालय के नियोजन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. विजय शंकर पाण्डेय ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए सही समय पर सही करियर मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। इसके द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसरों की जानकारी मिलेगी और उन्हें नियोक्ताओं तथा उद्योग विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
नमस्कार फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक शिवम मिश्र ने कहा कि युवाओं के पास प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा और सही अवसर से जोड़ने की है। नमस्कार फाउंडेशन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को करियर संबंधी उचित मार्गदर्शन के साथ रोजगार एवं इंटर्नशिप के वास्तविक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
गौरतलब है कि नमस्कार फाउंडेशन एवं जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के मध्य समझौता ज्ञाप (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया था। यह पहल उसी एमओयू के अंतर्गत किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करियर काउंसिलिंग, चयन एवं परामर्श, उच्च शिक्षा या कौशल पाठ्यक्रम नौकरी एवं इंटर्नशिप के अवसर, रिज्यूमे एवं साक्षात्कार सम्बन्धी मार्गदर्शन के साथ तथा उद्योग जगत के विशेषज्ञों एवं मार्गदर्शकों से संवाद का अवसर मिलेगा।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment