केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार सिंह को कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट ने किया सम्मानित
स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई, प्रभारी प्राचार्य अजय गोंडवाना का किया अभिनंदन
बलिया। कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट, रेवती द्वारा पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, बलिया के प्राचार्य उदय कुमार सिंह के गोरखपुर स्थानांतरण पर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं विद्यालय परिवार ने उनके उत्कृष्ट शैक्षिक, सामाजिक एवं प्रेरणादायी योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अजय गोंडवाना को कार्यभार ग्रहण करने पर ट्रस्ट की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। ट्रस्ट के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा, अनुशासन एवं नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ प्राप्त करेगा।
ट्रस्ट के सचिव संतोष तिवारी ने कहा कि प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि संगीत, अनुशासन, नैतिक शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी अनेक रचनात्मक गतिविधियों का सफल संचालन किया। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित एवं कर्मठ शिक्षाविद् समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को सदैव स्मरण रखेगा तथा उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने प्राचार्य उदय कुमार सिंह का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया तथा नए प्रभारी प्राचार्य अजय गोंडवाना को बधाई देकर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
Comments
Post a Comment