निःशुल्क आहार परामर्श एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
पोषण सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण में सप्त दिवसीय जागरूकता अभियान के अंतर्गत चतुर्थ दिवस स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं साफ-सफाई के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। नियमित रूप से हाथ धोने, नाखूनों की साफ-सफाई, प्रतिदिन स्नान करने, स्वच्छ वस्त्र पहनने, दाँतों की उचित सफाई करने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही भोजन एवं रसोई की स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को भोजन को ढककर रखने, खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर रखने, कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा फल एवं सब्जियों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छ भोजन और सुरक्षित पेयजल को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक के कम उपयोग के लिए जागरूक किया गया। स्वच्छ वातावरण को संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक बताया गया।
पोषण सप्ताह के पंचम दिवस शनिवार को विश्वविद्यालय के गोद लिए हुए गाँव ब्रह्माइन में निःशुल्क आहार परामर्श एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य को बनाए रखने तथा अनेक रोगों की रोकथाम एवं प्रबंधन में केवल दवाइयाँ ही पर्याप्त नहीं होतीं, बल्कि सही एवं संतुलित आहार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निःशुल्क आहार परामर्श के अंतर्गत ग्रामीणों की स्वास्थ्य एवं आहार संबंधी आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें संतुलित आहार, भोजन की मात्रा एवं गुणवत्ता, भोजन की नियमितता तथा विभिन्न खाद्य समूहों के उचित समावेश के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गठिया, एनीमिया, मोटापा, कमजोरी तथा पाचन संबंधी समस्याओं जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं में आहार की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
प्रतिभागियों को अत्यधिक नमक, चीनी एवं तले-भुने खाद्य पदार्थों के सेवन को सीमित करने तथा हरी पत्तेदार सब्जियाँ, मौसमी फल, दालें, साबुत अनाज, दूध एवं दुग्ध उत्पाद तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को संतुलित मात्रा में अपने भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। एनीमिया से बचाव के लिए आयरन एवं अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों जैसे हरी पत्तेदार सब्जियाँ, दालें, चना, गुड़, तिल आदि के सेवन के साथ विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का समन्वय गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. सौम्या तिवारी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में डॉ. संध्या, डॉ. तृप्ति तिवारी, डॉ. रंजना मल्ल ने सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment