रक्षाबन्धन पर गई गृहस्वामिनी के घर आभूषण एवं नगदी की चोरी
प्राथमिकी दर्ज कराकर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग
रसड़ा (बलिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा नगर कॉलोनी में एक बंद मकान से लाखों के आभूषण और नकदी चोरी हो गई। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। गृहस्वामिनी ने रसड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
पीड़िता मंजू देवी, पत्नी स्व. अजीत कुमार गुप्ता, निवासी छितौनी, कृष्णा नगर कॉलोनी, रसड़ा, 28 अगस्त की रात अपने घर में ताला लगाकर रक्षाबंधन के लिए मधुबन, मऊ स्थित अपने भाई के घर गई थीं। 29 अगस्त की सुबह उन्हें स्थानीय लोगों से घर में चोरी होने की सूचना मिली। मंजू देवी ने तुरंत 112 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई, जिसकी इवेंट आईडी P29082603203 और पीआरवी BLA 5442 बताई गई है। घर लौटने पर मंजू देवी ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। चोर सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, नथिया, मांगटीका, नाक की कील, कान के टॉप्स जैसे कई आभूषण ले गए। चोरी हुए सामान में चांदी की पायल, पायजेब, पूजा के चांदी के सिक्के और बच्चों के चांदी के आभूषण भी शामिल हैं। पीड़िता के प्रार्थना पत्र के अनुसार, लगभग 15,470 रुपये नकद भी चोरी हुए हैं।
इसी मकान में किराए पर रहने वाली कविता धुसिया के कमरे से भी चोरी हुई है। उनके अनुसार, चोर एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया और एक जोड़ी सोने के कान के झुमके ले गए हैं। पीड़िता की तहरीर पर रसड़ा थाने की पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने घटनास्थल की गहनता से जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट: लल्लन बागी
Comments
Post a Comment