युवा चेतना कार्यशाला में सैकड़ों युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
गायत्री परिवार द्वारा युवा चेतना कार्यशाला का हुआ आयोजन
बलिया। गायत्री शक्तिपीठ महावीर घाट, गंगा जी मार्ग के तत्वावधान में 30 अगस्त दिन रविवार को जे.एम.बी. रिसोर्ट में एक दिवसीय युवा चेतना कार्यशाला का आयोजन किया गया। युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में जनपद के कोने-कोने से आए सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी अनिल राय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जबकि डा. विनीता सिंह ने देव पूजन किया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी जयप्रकाश वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों के बीच युग धर्म का पालन करना ही युवाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। युवा शक्ति ही राष्ट्र एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी आधारशिला है।
उपजोन समन्वयक प्रमोद कुमार राय ने युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से सेवा, संस्कार एवं संगठन की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश दिया गया। पर्यावरण प्रेमी मणिनाथ तिवारी की ओर से 200 युवाओं को पौधे भेंट किए गए और उन्हें पौधों की देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।
अंत में शक्तिपीठ प्रमुख बिजेंद्र नाथ चौबे, जिला समन्वयक रवींद्र नाथ पांडेय व जिला युवा समन्वयक राकेश पांडेय ने आए हुए सभी अतिथियों और युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश पटेल जी ने किया।
Comments
Post a Comment