डीप फ्रीजर को ठीक कराने की मांग को लेकर हुआ अनोखा विरोध-प्रदर्शन
सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप
बलिया। जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े डीप फ्रीजर को ठीक कराने की मांग को लेकर सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में अनोखा विरोध- प्रदर्शन किया गया। पोस्टमार्टम हाउस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को भगवान के स्वरूप में रखकर कार्यकर्ताओं ने “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिस तरह वीडियो में डॉ. राजन सिंह द्वारा यह दावा किया गया है कि “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप करने से चार दिन में चमत्कार और आर्थिक लाभ हो सकता है, उसी उम्मीद के साथ बलिया जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े डीप फ्रीजर के जल्द ठीक होने के लिए जाप किया गया है।
सागर सिंह राहुल ने कहा कि “हम उम्मीद कर रहे हैं कि चार-पांच दिनों में पोस्टमार्टम हाउस के खराब पड़े सभी डीप फ्रीजर ठीक हो जाएंगे। अगर भगवान रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के सामने जाप करने से चमत्कार होने की बात कही जा रही है, तो हम भी उसी उम्मीद के साथ यह जाप कर रहे हैं।”
विक्रांत सिंह हैप्पी ने कहा कि पोस्टमार्टम हाउस में डीप फ्रीजर का खराब होना गंभीर समस्या है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर सभी खराब उपकरणों को दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि शवों को सुरक्षित रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रदर्शन के दौरान “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” के जाप के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया गया और जल्द समाधान की मांग की गई।
Comments
Post a Comment