‘विकसित भारत युवा कनेक्ट– स्पोर्ट्स एडिशन’ का होगा आयोजन

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जेएनसीयू में होगा आयोजन
बलिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट– स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा सहभागिता, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। कार्यक्रम के जिला स्तर पर सफल क्रियान्वयन हेतु मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

बलिया में दो स्थानों पर होगा युवा कनेक्ट कार्यक्रम
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने बताया कि बलिया जनपद में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के अंतर्गत जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय तथा किसान पीजी कॉलेज, रकसा में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं से स्वयं संवाद किये जाने की भी संभावना है। इन कार्यक्रमों में स्थानीय युवाओं को खिलाड़ियों, खेल प्रतिभाओं, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नेतृत्व एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा।

बताया कि युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को खेलों के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, खेल प्रतिभाओं के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी दी जाएगी। उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान 27 अगस्त 2026 को माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा आभासी माध्यम से देशभर के लगभग 1389 संस्थानों में युवाओं को संबोधित किया जाएगा तथा युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं के साथ संवाद किया जाएगा।

मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा जनपद के युवाओं से अपील की कि 27 अगस्त को आयोजित युवा कनेक्ट कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें, माननीय प्रधानमंत्री जी के संबोधन को देखें तथा युवा संवाद के उपरांत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में अपना पंजीकरण कराकर एवं क्विज में भाग लेकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
रिपोर्ट: विनय कुमार

Comments

Popular posts from this blog

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

ओजोन परत संरक्षण दिवस, 16 सितम्बर पर विशेष-

शिक्षकों का हो रहा मानसिक व आर्थिक शोषण: सुधांशु शेखर त्रिपाठी