पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर लड़ाई लड़ेंगे ईपीएस-95 पेंशन धारक
राष्ट्रीय संघर्ष समिति के तत्वावधान में हुई बैठक
रसड़ा (बलिया)। उत्तर प्रदेश कताई मिल रसड़ा के श्रमिकों की ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के तत्वावधान में रविवार को ब्रम्हाइन सती मंदिर पर बैठक सम्पन्न हुई। सर्व प्रथम रसड़ा विधान सभा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उप्र कताई मिल मजदूर संघ रसड़ा के अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा ने कहा कि संघर्ष समिति के आह्वान पर पांच अगस्त 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में पेंशन धारकों ने धरना-प्रदर्शन किया किंतु केंद्र सरकार द्वारा कोई निर्णय नहीं लिए जाने से पेंशन धारको में गहरा असंतोष है।
मुख्य वक्ता कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार में शामिल लोग 10 वर्षों से पेंशन बढ़ाने के नाम पर कोरा आश्वासन ही दे रहे हैं जिससे ईपीएस-95 पेंशन धारकों का अब धैर्य जबाब दे रहा है। संघर्ष समिति मांग करती है कि ईपीएस-95 पेंशन धारकों को 7500 पेंशन के साथ-साथ डीए, दम्पति को मुफ्त चिकित्सा उपलब्ध कराया जाय। साथ ही साथ ईपीस-95 पेंशन धारी जिसकी सर्विस 10 वर्ष पूर्ण नहीं हो सके उन्हें कम से कम पांच हजार का मासिक पेंशन प्रदान किया जाय अन्यथा की स्थिति में बड़ा आंदोलन शुरू होगा।
बैठक को धनंजय कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह अध्यक्ष मउ जनपद, श्रीराम जिला मंत्री, रामजन्म राजभर संगठन मंत्री मऊ, फूलबदन सिंह, फौजदार यादव, हीरा मौर्य, गोपालजी गुप्ता, विजयशंकर, ओमप्रकाश चौहान, रामकरन आदि ने संबोधित किया।
रिपोर्ट: लल्लन सिंह
Comments
Post a Comment