रैगिंग अथवा अनुशासनहीनता की घटना में संलिप्त न हो कोई भी विद्यार्थी: कुलपति
जेएनसीयू में एंटी रैगिंग सप्ताह का हुआ शुभारंभ
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में बुधवार को एंटी रैगिंग सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के नवप्रवेशित विद्यार्थियों को रैगिंग की भयावहता तथा रैगिंग की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध की जाने वाली दंडात्मक कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने अपील की कि कोई भी विद्यार्थी रैगिंग अथवा किसी अन्य प्रकार की अनुशासनहीनता की घटना में संलिप्त न हो। कहा कि रैगिंग में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित विद्यार्थी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति जी ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को रैगिंग से संबंधित अथवा किसी अन्य प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वह तत्काल कुलानुशासक अथवा प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराए। प्राप्त शिकायतों पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह आयोजन विश्वविद्यालय के एंटी रैगिंग सेल के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. प्रियंका सिंह हैं। एंटी रैगिंग सेल के अन्य सदस्यों में डॉ. दिलीप मधेसिया, डॉ. विजय शंकर पाण्डेय, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. मनोज कुमार एवं डॉ. छविलाल शामिल हैं। कार्यक्रम में निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा के साथ विश्वविद्यालय परिसर के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment