जागरूकता, संवेदनशीलता से एचआईवी एड्स से संबंधी भ्रांतियों को कर सकते है दूर
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रेड रिबन क्लब द्वारा एचआईवी एड्स की रोकथाम एवं भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण एवं निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन परिसर स्थित माधव अकादमिक भवन में अपराह्न 12:30 बजे संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एचआईवी एड्स की रोकथाम, जागरूकता, सुरक्षित व्यवहार तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने युवाओं को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करने तथा समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता, संवेदनशीलता और सही जानकारी के माध्यम से एचआईवी एड्स से संबंधित भ्रांतियों एवं भेदभाव को दूर किया जा सकता है।
उक्त कार्यक्रम के संयोजक रेड रिबन क्लब के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजीव कुमार रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. नीरज कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापक, अंग्रेजी विभाग, डॉ. विजय शंकर पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य विभाग तथा डॉ. अभिषेक मिश्र, सहायक प्राध्यापक, हिंदी विभाग शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के भाषणों की विषयवस्तु, प्रस्तुतीकरण, तार्किकता एवं प्रभावशीलता के आधार पर मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ शैलेन्द्र सिंह एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं में एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा भेदभाव-मुक्त एवं संवेदनशील समाज के निर्माण का संदेश दिया।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment