अपने कर्तव्यों का बोध भी कराती है स्वतन्त्रता: प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल
जेएनसीयू मे हर्षोल्लास के साथ मना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने ध्वजारोहण किया।
कुलपति ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कहा कि स्वतंत्रता हमें केवल अधिकार नहीं देती, बल्कि अपने कर्तव्यों का बोध भी कराती है। आज हमें संकल्प लेना होगा कि अपने राष्ट्र को ज्ञान, नवाचार, अनुसंधान, तकनीक और मानवीय मूल्यों के माध्यम से सशक्त बनायेंगे। विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप तैयार करना विश्वविद्यालय का दायित्व है।
इस दिशा में हम विश्वविद्यालय में नये प्रोफेशनल और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के विस्तार के लिए प्रयासरत हैं। ज्ञान से कौशल, कौशल से रोजगार, रोजगार से आत्म निर्भरता और आत्म निर्भरता से राष्ट्र निर्माण हमारा लक्ष्य है।
कुलपति ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और असफलता से कभी न डरने का सन्देश दिया। इस अवसर पर नशामुक्त युवा और विकसित भारत अभियान के अन्तर्गत हुए स्लोगन, पोस्टर, बैनर, निबंध, भाषण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता तथा दीक्षोत्सव के अन्तर्गत हुए काव्य लेखन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। 'हर घर तिरंगा अभियान' के अन्तर्गत तिरंगा गीत एवं देशभक्ति गीतों के साथ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा की गयी। कार्यक्रम के आरम्भ में एनसीसी के कैडेटों ने कुलपति को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव एस एल पाल, सहायक कुलसचिव जे एन मिश्र, शैक्षणिक निदेशक डॉ. पुष्पा मिश्रा, कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह, डीएसडब्लू डॉ. विनीत सिंह के साथ परिसर के प्राध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment