नशा मुक्त भारत, स्वच्छ भारत और हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का लिया संकल्प
नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण
बलिया। नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन विश्वविद्यालय, प्रयागराज के क्षेत्रीय केन्द्र, द्वारा कुलपति प्रो० सत्यकाम के संरक्षण में कुँवर सिंह पी० जी० कालेज, बलिया में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कालेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता का संदेश दिया। इसके पश्चात कालेज परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
डॉ० प्रेम प्रकाश कुशवाहा, क्षेत्रीय समन्वयक, बलिया ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति के साथ स्वच्छ एवं हरा-भरा पर्यावरण भी आवश्यक है। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उन्हें रचनात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो० अशोक कुमार सिंह, और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत, स्वच्छ भारत और हरित भारत” के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment