स्वरचित पोस्टर, स्लोगन एवं बैनर द्वारा नशे के दुष्प्रभावों का दिया प्रभावी संदेश
जेएनसीयू में नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत' विषय पर पोस्टर, स्लोगन एवं बैनर प्रतियोगिता का आयोजन
बलिया। शासन के निर्देशानुसार तथा जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के निर्देशन एवं संरक्षण में विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग द्वारा मंगलवार को 'नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत' विषय पर पोस्टर, स्लोगन एवं बैनर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक, शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा ने मां वाग्देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को सशक्त बनाना था। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने स्वरचित पोस्टर, स्लोगन एवं बैनर के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और समाज में जनजागरूकता फैलाने का प्रभावी संदेश दिया।
इस अवसर पर ललित कला विभाग के डॉ. ज्ञानेंद्र चौहान एवं डॉ. राजकुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रेमभूषण यादव ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में स्लोगन श्रेणी में शैलेश कुमार यादव (योग विभाग), पोस्टर श्रेणी में मंटू वर्मा (ललित कला विभाग) तथा बैनर श्रेणी में प्रगति पाण्डेय (ललित कला विभाग) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment