पुनः कूड़ा डंप किए जाने के विरोध में डीएम को सौंपा गया ज्ञापन
ग्राम सभा जमुआ में पुनः कूड़ा डंप किए जाने पर ग्रामवासियों ने जताया आक्रोश
बलिया। ग्राम सभा जमुआ की घनी आबादी, छठ पूजा स्थल तथा ग्रामदेव धारिक्षण दास की कुटी मंदिर के समीप पुनः कूड़ा डंप किए जाने के विरोध में छात्र नेता रमेश गिरि गुरु एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से जिलाधिकारी, बलिया को ज्ञापन सौंपा गया।
छात्र नेता रमेश गिरि गुरु ने बताया कि पूर्व में ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन द्वारा जांच कर उक्त स्थान पर कूड़ा डंपिंग बंद करा दी गई थी, लेकिन अब पुनः उसी स्थान पर कूड़ा गिराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है तथा जनस्वास्थ्य, पर्यावरण और धार्मिक आस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कूड़ा डंपिंग पर रोक लगाने, पुनः डंपिंग के आदेश की निष्पक्ष जांच कराने तथा भविष्य में आबादी एवं धार्मिक स्थलों के निकट कूड़ा न गिराए जाने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामवासी लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी। इस अवसर पर राज किशोर ठाकुर, विक्की सिंह, आशीष पांडेय, रंजन गिरि, शुभम माली, प्रकाश गुप्ता, विकास पासवान, अमन गिरि सहित काफी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विक्की कुमार गुप्ता
Comments
Post a Comment