भारी पुलिस बल के बीच खुली नवसृजित देशी शराब की दुकान

ग्रामीणों के विरोध के बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में शुरू कराया संचालन
बांसडीह (बलिया)। पिछले एक महीने से विरोध और विवाद के केंद्र में रही नवसृजित देशी शराब की दुकान का संचालन बुधवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू करा दिया गया। शासन के निर्देश के अनुरूप राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुकान खुलवाई। इस दौरान किसी प्रकार का विरोध या अप्रिय घटना नहीं हुई।

सुबह से ही घोघा चट्टी क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही बढ़ गई थी। किसी भी संभावित विरोध को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते ग्रामीणों की ओर से कोई बड़ा व्यवधान नहीं हुआ।

दुकान खुलवाने के दौरान एसडीएम पुष्कर मिश्रा, सीओ जयशंकर मिश्र, प्रभारी निरीक्षक अजय पाल, मनियर थानाध्यक्ष अजय तिवारी, आबकारी निरीक्षक बिमलेश यादव समेत पुलिस, राजस्व और आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलपुरा और डुहीमुशी में ग्रामीणों के विरोध के चलते दुकान का संचालन नहीं हो सका था। बाद में आबकारी विभाग ने दुकान को देवरार नाम से घोघा चट्टी स्थानांतरित किया, लेकिन यहां भी बीते शनिवार को सैकड़ों महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया था। मंगलवार को देवरार पंचायत भवन में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता भी बेनतीजा रही। एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने बताया कि दुकान का आवंटन शासन एवं आबकारी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुआ है। प्रशासन का दायित्व शासन के आदेशों का पालन कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।

क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र ने कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुकान का संचालन शुरू करा दिया गया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
रिपोर्ट: विक्की कुमार गुप्ता

Comments

Popular posts from this blog

खेल दिवस पर राजकीय महाविद्यालय नगवा में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

महिला सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं हैं समग्र सामाजिक विकास: डॉ. पुष्पा मिश्रा

ओजोन परत संरक्षण दिवस, 16 सितम्बर पर विशेष-