दीक्षोत्सव सप्ताह अंतर्गत 'एक घंटे पुस्तक अध्ययन' कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन
विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने विविध विषयों की पुस्तकों का किया अध्ययन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के अष्टम दीक्षांत समारोह के शुभ अवसर पर दीक्षोत्सव सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों में अध्ययनशीलता, ज्ञानार्जन की अभिरुचि तथा पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एक घंटे पुस्तक अध्ययन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए एक घंटे तक विविध विषयों की पुस्तकों का अध्ययन किया।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और चिंतन की परिपक्वता का सशक्त माध्यम हैं। आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व अक्षुण्ण है। नियमित अध्ययन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, विवेक और सृजनात्मकता का विकास करता है। दीक्षोत्सव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह पुस्तक अध्ययन कार्यक्रम विद्यार्थियों में पठन-पाठन की संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ नीरज कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, पुस्तकालय के अधिकाधिक उपयोग तथा ज्ञान के सतत विस्तार के लिए प्रेरित किया। दीक्षोत्सव सप्ताह की संयोजिका डॉ रजनी चौबे और सह संयोजिका डॉ सौम्या तिवारी सहित आयोजन मंडल के सदस्य डॉ रामशरण यादव, सुश्री मंसा पांडे, एवं सुश्री प्रीति ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर निदेशक शैक्षणिक डॉ पुष्पा मिश्रा, चीफ प्रॉक्टर डॉ प्रियंका सिंह, डॉ विनीत सिंह, डॉ छबिलाल, डॉ संदीप यादव, डॉ अभिषेक मिश्रा, डॉ संजीव कुमार, डॉ प्रेम भूषण यादव, डॉ विजय शंकर पांडेय सहित परिसर के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment