प्रतिभागियों ने स्वच्छ समाज, स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान का लिया संकल्प
जेएनसीयू के एनएसएस प्रकोष्ठ द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर के निर्माण के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का भाव विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर स्थित मंदिर से हुआ। कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया।स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों मंदिर परिसर, प्रशासनिक भवन, मंगलम परीक्षा भवन, मुख्य द्वार, भोजपुरी भवन तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर सफाई कार्य किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने स्वच्छता को सामाजिक उत्तरदायित्व बताते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया। स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का समापन स्वच्छता शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज और स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय परिसर के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डॉ. प्रेम प्रकाश कुशवाहा, क्षेत्रीय समन्वयक, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज, डॉ. रंजना मल्ल, डॉ. गुंजन कुमार, डॉ. विजय शंकर पांडेय सहित विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment