जेएनसीयू ने अपायल गाँव में वृद्धों को कराया योगाभ्यास
विशेष योग जागरूकता कार्यक्रमों की शृंखला के अंतर्गत आयोजित हुआ विशेष सत्र
बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विशेष योग जागरूकता कार्यक्रमों की शृंखला के अंतर्गत गुरुवार को अपायल, बलिया में स्वस्थ बुढ़ापा के लिए योग विषय पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य राज कुमार ने प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आयामों से परिचित कराया। उन्होंने शरीर को स्वस्थ एवं लचीला बनाए रखने के लिए सर्वप्रथम सन्धि संचालन का अभ्यास कराया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने कपालभांति, नाड़ीशोधन, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम तथा प्रणव ध्यान का अभ्यास किया।
राज कुमार ने योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग और प्राणायाम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता तथा भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करते हैं। बताया कि बढ़ती आयु के साथ शरीर में आने वाले विभिन्न परिवर्तनों एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना योग के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। योग व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपायों को समझा तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा 'स्वस्थ वृद्धावस्था' के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में विवि की एक छोटी सी पहल है। इस योग सत्र का उद्देश्य समाज के विभिन्न आयु वर्गों, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण तथा निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. संध्या एवं डॉ. प्रेमभूषण का विशेष सहयोग रहा।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment