जननायक चंद्रशेखर विवि में योग दिवस पूर्व निकली बाइक साइकिल रैली
विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों ने रैली में की सहभागिता
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में बाइक/ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर से किया गया।
रैली को रवाना करते हुए कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन के बीच योग, स्वास्थ्य, फिटनेस तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। रैली के दौरान योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित नारों के माध्यम से लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. कृष्ण कुमार सिंह एवं डॉ. प्रेम प्रकाश कुशवाहा, क्षेत्रीय समन्वयक, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज उपस्थित रहे।
रैली का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय परिसर के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डॉ छबि लाल, डॉ प्रवीण नाथ यादव, डॉ मनोज जायसवाल, डॉ राज कुमार,डॉ. रंजना मल्ल, डॉ. गुंजन कुमार, डॉ विजय शंकर पाण्डेय सहित विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment