प्रोफेसर चौबे ने अनुशासित कार्यशैली एवं अकादमिक नेतृत्व से विवि को प्रदान की नई दिशा: कुलपति
प्रो. अजय कुमार चौबे और अंग्रेजी विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्रों के विदाई समारोह का आयोजन
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर अजय कुमार चौबे को विश्वविद्यालय परिवार की ओर से एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई। विदित है कि डॉ अजय कुमार चौबे का चयन दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर, गोरखपुर में प्रोफेसर पद पर हुआ है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ता, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर उनके दीर्घ शैक्षणिक योगदान को स्मरण किया।
समारोह में माननीय कुलपति ने कहा कि प्रोफेसर चौबे ने अपने सरल व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली एवं अकादमिक नेतृत्व से विश्वविद्यालय को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विभागीय गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में अंग्रेजी विभाग ने शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कीं। इस कार्यक्रम में सभी शिक्षकों ने एक स्वर से कहा कि प्रोफेसर चौबे न केवल एक कुशल शिक्षक रहे, बल्कि विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत भी बने रहे। उनके सहज व्यवहार, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं कार्य के प्रति समर्पण को विश्वविद्यालय परिवार सदैव स्मरण रखेगा। अपने उद्बोधन में प्रोफेसर अजय कुमार चौबे ने विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग के परास्नातक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का भी विदाई समारोह आयोजित किया गया। मिस्टर फेयरवेल के रूप में प्रकाश का और मिस फेयरवेल के रूप में अंतरा गिरी का चयन किया गया। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय परिवार की तरफ से प्रोफेसर चौबे को स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव एस. एल. पाल, वित्त अधिकारी आनंद दूबे, निदेशक शैक्षणिक डॉ पुष्पा मिश्रा, कुलानुशासक डॉ प्रियंका सिंह, डॉ विनीत सिंह, अंग्रेजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ नीरज सिंह, डॉ सरिता पाण्डेय, डॉ दिलीप मद्धेशिया सहित विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: विनय कुमार
Comments
Post a Comment